बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) रक्षित केंद्र बलरामपुर में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर की उपस्थिति में साप्ताहिक जनरल परेड का आयोजन किया गया, परेड की कमान रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने संभाली और उन्होंने पुलिस अधीक्षक को सलामी दी। परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जवानों का निरीक्षण किया तथा उत्कृष्ट टर्नआउट एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाले चार अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया।
जनरल परेड के बाद अनुशासनहीनता से जुड़े चार प्रकरणों का निराकरण किया गया। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा आवंटित एक बस एवं 18 नई मोटरसाइकिलों को पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के अंत में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में रक्षित केंद्र परिसर में एकता वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी, एसडीओपी प्रमोद किस्पोट्टा, मो. याकूब मेमन सहित जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
