बघेल के काफिले पर पथराव, कार्यकर्ता के घायल होने की खबर
Baghel's convoy pelted with stones; reports of a worker being injured.

रायपुर/गुवाहाटी. असम के नगांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान पूर्व छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई और कांग्रेस प्रत्याशी सिबामोनी बोरा के काफिले में पथराव की घटना सामने आई है। इसमें एक कार्यकर्ता के घायल होने की खबर है।
असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के द्वारा किए गए सोशल मीडिया पोस्ट में पथराव का वीडियो भी सामने आया है। गोगोई ने लिखा कि यह उस हमले का साफ़ वीडियो है जो हमारे उस काफ़िले पर हुआ जिसमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, AICC सचिव मनोज चौहान, उम्मीदवार श्रीमती शिवमोनी बोरा, राज्य के नेता और मैं खुद शामिल थे।
उन्होंने कहा कि ‘बेशक, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा असम पुलिस को गुजरात, दिल्ली और महाराष्ट्र भेज सकते हैं, लेकिन अब वे असम के भीतर ही पत्थर फेंकने वालों को ढूंढने में पूरी तरह नाकाम रहेंगे। अचानक मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा अपनी नाकामी का बहाना बनाएंगे। भारत का चुनाव आयोग कोई ट्रांसफर या सस्पेंशन का आदेश नहीं देगा।’
बताया जाता है कि इलाके में कुछ लोगों ने कथित तौर पर काले झंडे दिखाए और ‘गो बैक’ के नारे लगाए। इसके बाद कांग्रेस काफिले की कुछ गाड़ियों पर पत्थरबाजी की बात सामने आई। घटनाक्रम के बाद पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई। मीडिया रिपोर्टों में कुछ पत्रकारों के साथ कथित मारपीट और कांग्रेस के एक कार्यकर्ता के घायल होने की भी बात कही गई है।



