मध्यप्रदेश
तहसील कार्यालय में 500 रुपये रिश्वत लेते बाबू रंगेहाथ गिरफ्तार
Babu arrested red handed while taking bribe of Rs 500 in Tehsil office

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा/सतना। भ्रष्टाचार के मामलों पर पुलिस महानिदेशक श्री योगेश देशमुख के निर्देशानुसार लोकायुक्त संगठन संभाग रीवा की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्यवाही करते हुए तहसील कार्यालय रामपुर बघेलान (जिला सतना) में एक बाबू को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा।

आवेदक श्री रामकृष्ण प्रजापति निवासी ग्राम एरा, थाना रामपुर बघेलान ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई शिवाकांत प्रजापति के विरुद्ध दर्ज प्रकरण की पेशी खत्म कराने के नाम पर तहसील कार्यालय के खंड लेखक उपेन्द्र पांडे द्वारा हर पेशी में ₹500 की रिश्वत ली जा रही है। पहले ही तीन बार में ₹1500 की राशि ली जा चुकी थी और आगे भी रिश्वत की मांग जारी थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद, 16 सितम्बर को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार पाटीदार के निर्देशन में निरीक्षक श्री उपेन्द्र दुबे एवं निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया की टीम ने तहसील कार्यालय परिसर में आरोपी बाबू उपेन्द्र पांडे को ₹500 रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त कार्यालय रीवा संभाग ने वर्ष 2025 में अब तक कुल 18 ट्रैप कार्यवाहियां की हैं, जिनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, पुलिस, स्कूल शिक्षा और आदिम जाति कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी पकड़े जा चुके हैं। वहीं रीवा और सिंगरौली जिले के तीन प्रकरणों में विशेष न्यायालयों ने आरोपियों को कारावास की सजा सुनाई है।



