रीवा की बेटी आयुषी बनीं सेना में लेफ्टिनेंट:CDS में AIR 24, टेक्निकल ब्रांच में देश में पहला स्थान; डिप्टी सीएम बोले—पूरे विंध्य को गर्व

Ayushi, a daughter of Rewa, becomes an Army Lieutenant: Secured AIR 24 in CDS and ranked first nationwide in the technical branch; Deputy CM says the entire Vindhya region is proud.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

रीवा। विंध्य की धरती की बेटी आयुषी वर्मा ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर रीवा और पूरे मध्य प्रदेश का मान बढ़ाया है। शनिवार को सिंधु भवन में आयोजित अभिनंदन एवं सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने आयुषी को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आयुषी की उपलब्धि सिर्फ उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे रीवा और विंध्य अंचल के लिए गर्व का क्षण है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विंध्य की माटी ने देश को कई बड़े सैन्य अधिकारी दिए हैं। उन्होंने थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी का उल्लेख करते हुए कहा कि आयुषी ने भी विंध्य की इसी गौरवशाली सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाया है।

 

CDS में AIR 24, टेक्निकल ब्रांच में देशभर में पहला स्थान

 

आयुषी वर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित CDS परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 24 हासिल की है। उन्होंने टेक्निकल शाखा में देशभर में पहला स्थान प्राप्त कर रीवा के साथ पूरे मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है।

 

आयुषी ने रीवा के एक निजी कॉन्वेंट स्कूल से स्कूली शिक्षा प्राप्त की है। उनके पिता शिक्षक हैं। 12वीं की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने का लक्ष्य तय कर लिया था।

 

अब असम में होगी पदस्थापना

 

प्रशिक्षण पूरा करने के बाद लेफ्टिनेंट आयुषी वर्मा की पदस्थापना असम में होने जा रही है। उप मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह सैन्य सेवा में सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएं और देश व रीवा का नाम रोशन करती रहें।

 

सम्मान समारोह में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकों के साथ आयुषी के माता-पिता और परिजन मौजूद रहे।

 

आयुषी ने अपनी सफलता का संदेश देते हुए कहा कि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।

Exit mobile version