मध्यप्रदेश

डभौरा पुलिस अनुभाग में जब्त वाहनों की नीलामी सम्पन्न, शासन को 3.5 लाख का राजस्व

Auction of seized vehicles completed in Dabhaura police section, revenue of 3.5 lakhs to the government

रीवा रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 
एसडीएम पीयूष भट्ट, एसडीओपी नारायण कुमरे और थाना प्रभारी प्रवीण उपाध्याय की मौजूदगी में पारदर्शी प्रक्रिया सम्पन्न
रीवा। पुलिस अनुभाग डभौरा के थाना पनवार परिसर में शुक्रवार को 25 पुलिस एक्ट के तहत जब्त वाहनों की नीलामी पारदर्शी और सुव्यवस्थित माहौल में सम्पन्न हुई। इस कार्रवाई में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी (एसडीएम) पीयूष भट्ट, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) नारायण कुमरे, नायब तहसीलदार निवेदिता त्रिपाठी, अतरैला थाना प्रभारी विजय सिंह परिहार, डभौरा थाना प्रभारी ऋषभ सिंह बघेल और पनवार थाना प्रभारी प्रवीण उपाध्याय मौजूद रहे।
नीलामी प्रक्रिया से शासन को कुल ₹3.5 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ। थाना अतरैला की 11 बाइक, थाना पनवार की 4 बाइक और 1 मारुति वैन तथा थाना डभौरा की 6 बाइक के लिए कुल 25 बोलीदाता शामिल हुए। इसमें मो. जुबैर, राजमणि गुप्ता और सुनील कुशवाहा ने सर्वोच्च बोली लगाकर वाहन अपने सुपुर्दगी में लिए।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम पीयूष भट्ट ने कहा कि इस प्रकार की नीलामी न केवल शासन की आय बढ़ाती है बल्कि थाना परिसरों को भी व्यवस्थित बनाने में सहायक है। हमारी प्राथमिकता है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष हो।
वहीं एसडीओपी नारायण कुमरे ने अपने संबोधन में कहा कि जब्त वाहनों की नीलामी से एक ओर शासन को राजस्व प्राप्त होता है तो दूसरी ओर पुलिस थानों में वर्षों से खड़े वाहनों से भी मुक्ति मिलती है। यह कार्रवाई जनता के विश्वास और प्रशासनिक पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
थाना प्रभारी प्रवीण उपाध्याय ने संचालन करते हुए कहा कि हमारी जिम्मेदारी थी कि नीलामी प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया जाए। हमें खुशी है कि यह प्रक्रिया शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई।पूरी नीलामी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में निर्विवाद और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुई।

Related Articles

Back to top button