बिजली कंपनी के ईई के अपहरण की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। बिजली कंपनी के ईई के अपहरण की कोशिश करने वाले आरोपी को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। दरअसल थाना अभनपुर क्षेत्र के कोलर में बिजली कंपनी के ईई रूपल चन्द्राकर की अपहरण की कोशिश पैसों के लिए की गई थी। मामले में पुलिस ने अभनपुर थाना क्षेत्र के सारखी निवासी तीन आरोपियों मधुकर सिन्हा, अजय उर्फ पिन्टू नेताम और टेकराम धीवर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आई-20 कार क्रमांक सीजी 07 एएल 6077, रॉड एवं चाकू जब्त किया है। इन आरोपियों में से मधुकर और अजय ने राजेन्द्रनगर थाना क्षेत्र में ट्रेडिंग व्यवसाय से जुड़े व्यक्ति को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी देकर लाखों रुपए मांगे थे।
एसएसपी प्रशांत अग्रवाल एवं एएसपी सिटी एवं क्राइम अभिषेक माहेश्वरी ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सुबह सैर पर निकले गुढ़ियारी स्थित छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी में कार्यपालन अभियंता रूपल चन्द्राकर की आठ मई को गृह ग्राम कोलर में अपहरण करने की कोशिश की गई थी। मामले में पुलिस द्वारा लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। आरोपियों द्वारा उपयोग की गई कार के संबंध में भी जानकारी एकत्र करने के साथ ही प्राप्त अन्य साक्ष्यों व तथ्यों के आधार पर लगातार आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। इसी पुलिस को घटना में संलिप्त आरोपी सारखी निवासी मधुकर सिन्हा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इस पर टीम के सदस्यों ने मधुकर को पकड़कर साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ की। मधुकर ने अपने साथी अजय उर्फ पिंटू नेताम एवं टेकराम धीवर के साथ मिलकर उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इस पर अजय उर्फ पिंटू नेताम एवं टेकराम धीवर को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें पैसों की आवश्यकता थी।


