हमर प्रदेश/राजनीति

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओबीसी वर्ग को लेकर दिए बयान पर बोले अरुण साव, आरक्षण और ओबीसी विरोधी मुख्यमंत्री डींगें हांकना बंद करें

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने भाजपा पर ओबीसी विरोधी दृष्टिकोण अपनाने के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है। श्री साव ने कहा कि ओबीसी वर्ग को लेकर कांग्रेस हमेशा दोमुँही बातें करती रही है और इस वर्ग का सबसे ज्यादा नुकसान कांग्रेस ने ही किया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आरक्षण को लेकर भी कांग्रेस सरकार ने ओबीसी वर्ग के अधिकारों पर डाका डालकर उनके साथ क्रूर खिलवाड़ किया। आरक्षण के मुद्दे को लेकर उसकी मुखालफत कर अदालत जाने वाले लोगों को खुद मुख्यमंत्री बघेल ने ऊंचे पद सौंपकर उपकृत व पुरस्कृत करने का कृत्य किया है। कांग्रेस का यह दोमुँहा चरित्र है। श्री साव ने कहा कि देश के समक्ष ऐसे अनेक अवसर आए जब भाजपा ने ओबीसी के हितों का पोषण किया। लेकिन कांग्रेस ने उसका विरोध करके अपनी क्षुद्र मानसिकता का प्रदर्शन किया। भाजपा की केंद्र में गठबंधन सरकार के समय ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने संबंधी विधेयक का कांग्रेस ने राज्यसभा में विरोध करके उसे पारित होने से रोकने की कोशिश की। विधेयक गिरा दिया था। इसी तरह भाजपा समर्थित बीपी सिंह की केंद्र सरकार ने पहली बार ओबीसी आरक्षण का प्रस्ताव रखा था, उसका भी विपक्ष में रहते कांग्रेस ने विरोध किया था। मूलतः कांग्रेस आरक्षण और ओबीसी विरोधी है।

प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार ने ही केंद्रीय विद्यालय,नवोदय विद्यालय,अन्य उच्च शिक्षा संस्थानों ,चिकित्सा शिक्षा के लिए ओबीसी वर्ग को आरक्षण भी दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साव ने कहा कि ओबीसी वर्ग को आपस में लड़ाने और अपने राजनीतिक स्वार्थ साधने का काम तो कांग्रेस ने ही किया। भाजपा ने तो न केवल उनके हितों की रक्षा करने का काम किया है, अपितु केंद्र सरकार में उनकी ज्यादा भागीदारी भी सुनिश्चित की है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं ओबीसी वर्ग के हैं जिनके नेतृत्व का लोहा आज पूरा विश्व मान रहा है। इसी प्रकार केंद्र सरकार में ओबीसी वर्ग के मंत्री भी सबसे ज्यादा है और देश के राजनीतिक इतिहास में यह पहली बार हुआ है। श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल झूठ बोलते है लेकिन जनता उसे पकड़ लेती है उनका ओबीसी विरोध का एजेंडा भी समझ चुकी है।

itehelka

Tehelka Ind, the leading news channel in India, is dedicated to delivering the latest and most accurate news to its viewers. With a team of experienced journalists and reporters, Tehelka Ind covers all aspects of news, from politics and business to entertainment and sports. Our commitment to impartiality and accuracy has made us a trusted source of news for millions of viewers across the country.

Related Articles

Back to top button