रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
राष्ट्रीय राजमार्ग सिरमौर–डभौरा सड़क मार्ग पर बिजली विभाग द्वारा सड़क के बेहद नजदीक खंभे गाड़े जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जनपद पंचायत जवा की संचार निर्माण समिति के अध्यक्ष प्रवल पाण्डेय ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए बिजली विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है।
प्रवल पाण्डेय ने मांग की है कि सिरमौर–डभौरा मार्ग पर बिजली के नवीन खंभे और 33 हजार केवी सहित अन्य लाइनें सड़क से कम से कम 50 फीट की दूरी पर स्थापित की जाएं। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर 40 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 311 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत है और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होना प्रस्तावित है।
इसके बावजूद बिजली विभाग के ठेकेदारों द्वारा सड़क से मात्र 4 से 5 फीट की दूरी पर खंभे गाड़कर लाइन खींची जा रही है, जो सरासर लापरवाही और मनमानी है। जबकि सड़क के दोनों ओर पर्याप्त स्थान उपलब्ध होने के बावजूद जानबूझकर खंभों को सड़क किनारे स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जैसे ही सड़क निर्माण कार्य शुरू होगा, इन खंभों को हटाना पड़ेगा, जिससे शासन को करोड़ों रुपये का अतिरिक्त और अनावश्यक खर्च उठाना पड़ेगा। यह न केवल सरकारी धन की बर्बादी है, बल्कि भविष्य की योजना पर भी सवाल खड़े करता है।
प्रवल पाण्डेय ने बिजली विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से मांग की है कि तत्काल निर्णय लेकर सड़क से 50 फीट दूर खंभे गाड़े जाएं, ताकि निर्माण कार्य में बाधा न आए और सरकारी धन की बर्बादी रोकी जा सके।
