जिला संवाददाता मुंगेली
माखनसिंह
लोरमी । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं 12वीं के परीक्षा परिणाम में मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र के छोटे से ग्राम रहगी के छात्र अंशुल शर्मा ने 99% अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे लोरमी नगर और मुंगेली जिले में खुशी की लहर है।
अंशुल शर्मा, पिता सूर्यकांत शर्मा, एक साधारण परिवार से आते हैं और न्यू जनरेशन पब्लिक स्कूल के मेधावी छात्र हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। अंशुल शर्मा ने बताया कि उन्होंने नियमित रूप से करीब 5 घंटे पढ़ाई की और निरंतर अभ्यास के बल पर यह सफलता पाई।
उनकी इस उपलब्धि पर लोरमी नगर में बधाई देने वालों का तांता लग गया। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अंशुल को सम्मानित किया। डॉ. कुंदन कुमार (जिला कलेक्टर), भोजराम पटेल (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) और प्रभाकर पाण्डेय (जिला पंचायत सीईओ) ने अंशुल शर्मा को फूल-मालाओं से स्वागत कर उनकी सफलता पर बधाई दी।
अंशुल शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य आगे चलकर सिविल इंजीनियर बनना है और देश के विकास में योगदान देना चाहते हैं।
एक छोटे से गांव से निकलकर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना यह साबित करता है कि सफलता के लिए संसाधनों से ज्यादा मेहनत और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता होती है। अंशुल शर्मा की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
