जीआईटीएफ– भिलाई इस्पात विकास विद्यालय, सेक्टर-6 द्वारा वार्षिक विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी 2025 का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक (नगर प्रशासन एवं सीएसआर) श्री शिवराजन द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (शिक्षा) श्रीमती शिखा दुबे तथा श्री अशोक सिंह की भी उपस्थिति रही। यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों में सृजनशीलता, नवाचार तथा अनुभवात्मक शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी, जिसमें विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
मुख्य अतिथि श्री शिवराजन ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को नए प्रयोगों, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।
प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों पर आधारित विद्यार्थी परियोजनाओं का मूल्यांकन निर्णायक मंडल में प्राचार्या श्रीमती सुमिता सरकार, उप प्रबंधक (शिक्षा) श्रीमती विभा कटियार और उप प्रबंधक (शिक्षा) श्रीमती रेखा पांडे द्वारा किया गया।
विद्यार्थियों द्वारा आपदा चेतावनी यंत्र, लाई-फाई तकनीक, स्मार्ट सिटी मॉडल, ड्रोन, रोबोटिक्स आधारित प्रयोग, आईओटी आधारित स्मार्ट होम प्रणाली, सौर ऊर्जा उपकरण, जल संरक्षण मॉडल, ई-कॉमर्स एवं लोकल वेंडर मॉडल जैसे विविध नवाचारों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। इन मॉडलों ने उपस्थित अतिथियों तथा अभिभावकों को प्रभावित किया और विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को व्यापक सराहना मिली।
कार्यक्रम में अभिभावकों हेतु मनोरंजन गतिविधियों के साथ-साथ विद्यालय द्वारा फूड फेस्ट प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया था।
