कोरबा में अनियंत्रित ऑटो खाई में पलटी, दो युवकों की मौके पर मौत

An uncontrolled auto overturned in a ditch in Korba, two youths died on the spot.

कोरबा। बालको थाना क्षेत्र में पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों से भरा एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात से अधिक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सभी को तत्काल बालको अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल युवकों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्वजन की भीड़ जुट गई।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के खरमोरा बस्ती के लगभग 10 युवक सोमवार को कारीघाट क्षेत्र में पिकनिक मनाने गए थे। देर शाम सभी युवक ऑटो में सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सतरेंगा मुख्य मार्ग पर पुल के नीचे चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार ऑटो रिक्शा सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना जबरदस्त था कि आटो पलटते हुए नीचे जा गिरा और उसमें सवार कई युवक उसके नीचे दब गए।

ऑटो के नीचे से बाहर निकाला

चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को ऑटो के नीचे से बाहर निकाला और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हादसे में खरमोरा निवासी 20 वर्षीय सत्यम यादव पुत्र रामकुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

एक अन्य युवक की भी जान चली गई। घायलों में 19 वर्षीय विष्णु कंवर, 22 वर्षीय भवानी कंवर, 23 वर्षीय नीरज कुमार, 20 वर्षीय वासु कंवर सहित अन्य युवक शामिल हैं। वासु कंवर ने बताया कि आटो में क्षमता से अधिक युवक सवार थे और लौटते समय चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।

घायलों का उपचार जारी

डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश घायलों को हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। दो युवकों की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस और जिला अस्पताल चौकी पुलिस सक्रिय हो गई।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से मेमो भेजे जाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा चालक की लापरवाही और आटो में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाना हादसे की बड़ी वजह रही है। पुलिस चालक की तलाश के साथ ही दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Exit mobile version