02 नवंबर, दोपहर 02 बजे से सजेगा राज्योत्सव का मंच, ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर होंगी लोकरंगों की प्रस्तुतियाँ
सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज होंगे मुख्य अतिथि, ख्याति प्राप्त दलों के साथ जिले के स्थानीय कलाकार भी देंगे मनमोहक प्रस्तुतियाँ
राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या में दिखेगी अतुल्य बलरामपुर की झलक, कलेक्टर ने की सहभागिता की अपील
बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आधारित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की पावन बेला पर जिला प्रशासन बलरामपुर-रामानुजगंज ने समस्त जिलेवासियों को सादर आमंत्रित किया है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे परिवार सहित राज्योत्सव स्थल पहुँचकर उत्सव का हिस्सा बनें और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लें। 02 नवंबर, सोमवार को 02 बजे से हाई स्कूल मैदान, बलरामपुर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम दिवस पर प्रदेश और देश के ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। कसडोल का लोक मंथन दल जनजातीय नृत्य के माध्यम से वनांचल की समृद्ध परंपरा को मंच पर जीवंत करेगा। बिलासपुर की वाईब्रेशन डांस एकेडमी के कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देंगे। संगीत प्रेमियों के लिए बनारस का अक्षत कलेक्टिव उप-शास्त्रीय एवं सुगम गायन से सुरों की महफिल सजाएगा।
जिले के स्थानीय कलाकार भी 15 प्रस्तुतियों से मंच पर अपनी प्रतिभा बिखेरेंगे। इनमें जिले के विभिन्न विद्यालयों और छात्रावासों के विद्यार्थी छत्तीसगढ़ी स्वागत नृत्य, सुवा नृत्य, छत्तीसगढ़ी रिमिक्स, शिव तांडव, कान्हा नृत्य, सूफी डांस तथा घूमर, हरियाणवी, अरुणाचली और नेपाली लोक नृत्य प्रस्तुत करेंगे। भेलवाडीह के पहाड़ी कोरवा कलाकारों का उड़िया लोक नृत्य और नारी सशक्तिकरण पर आधारित प्रस्तुति भी विशेष आकर्षण रहेगी।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राज्योत्सव ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर मनाया जा रहा है। यह थीम प्रदेश की प्रगति में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के संकल्प को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव प्रदेश की अस्मिता, संस्कृति और विकास यात्रा का उत्सव है, जिसकी सार्थकता जनभागीदारी से ही पूरी होती है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे सपरिवार अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर इस उत्सव में सहभागिता प्रस्तुत करें और स्थानीय प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाएँ। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि ‘अतुल्य बलरामपुर-रामानुजगंज’ की भावना के अनुरूप यह आयोजन जिले की प्रकृति, संस्कृति और विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर है। उन्होंने जिलेवासियों, युवाओं और कला प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया।
