उरकुरा से सरोना तक बनेगी अतिरिक्त रेल लाइन

An additional rail line will be constructed from Urkura to Sarona.

रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव मौजूदा परिचालन क्षमता से 55% अधिक हो गया है। स्टेशन की क्षमता रोजाना करीब 100 ट्रेनों की है, जबकि यहां से लगभग 155 ट्रेनें गुजर रही हैं। इसका असर ट्रेनों की समयबद्धता पर पड़ रहा है। एक ट्रेन को आगे निकालने के लिए दूसरी को रोकना पड़ता है।

प्लेटफॉर्म और यार्ड में भी ट्रेनों को अधिक समय तक खड़ा रखना पड़ रहा है। इस दबाव को कम करने के लिए रेलवे उरकुरा से रायपुर होते हुए सरोना तक करीब 11 किलोमीटर लंबी अतिरिक्त रेल लाइन बिछाने की तैयारी कर रहा है। इसका सर्वे चल रहा है। प्रस्तावित लाइन का मुख्य उद्देश्य मालगाड़ियों के परिचालन के लिए अतिरिक्त रास्ता उपलब्ध कराना है।

वर्तमान में उरकुरा बाईपास से रोजाना करीब 130 मालगाड़ियां गुजरती हैं। माल परिवहन का दबाव बढ़ने से मौजूदा रेल नेटवर्क पर भी असर पड़ रहा है। योजना के तहत उरकुरा से रायपुर स्टेशन के पहले तक और सरोना से रायपुर स्टेशन के पहले तक अतिरिक्त लाइन बिछाने का प्रस्ताव है। इससे मालगाड़ियों के संचालन के लिए एक और विकल्प मिलेगा और मौजूदा ट्रैक पर निर्भरता कम होगी।

उरकुरा बाईपास से रोज गुजरती हैं 130 मालगाड़ियां, सर्वे के बाद रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलेगी

अभी मालगाड़ियों को रास्ता देने के लिए यात्री ट्रेनों को स्टेशन या बीच रास्ते में रोकना पड़ता है। इससे पीछे आने वाली ट्रेनें भी लेट होती हैं। अतिरिक्त लाइन बनने से मालगाड़ियों का परिचालन व्यवस्थित होगा और यात्री ट्रेनों को कम इंतजार करना पड़ेगा।

रेलवे अधिकारी भी लेटलतीफी घटने की उम्मीद जता रहे हैं। 11 किमी लंबी लाइन की तकनीकी और आर्थिक उपयोगिता का सर्वे चल रहा है। इसमें निर्माण लागत, मालगाड़ियों की संभावित अतिरिक्त संख्या, उनसे होने वाली कमाई और निवेश की भरपाई में लगने वाले वर्षों का आकलन होगा। रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी। मंजूरी के बाद ही निर्माण शुरू होगा।

उरकुरा से रायपुर और सरोना तक करीब 11 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए सर्वे का काम पूरा हो चुका है। नई लाइन बनने से यात्री ट्रेनों को आउटर में रुकना नहीं पड़ेगा। इससे ट्रेनों का परिचालन सुगम होगा और यात्रियों को सीधे तौर पर राहत मिलेगी। – दयानंद, डीआरएम, रायपुर रेल मंडल

नई लाइन से ये 5 फायदे…

परिवहन: मालगाड़ियों के संचालन के लिए अतिरिक्त रेल मार्ग।
यात्री ट्रेनें: मालगाड़ियों को रास्ता देने कम इंतजार करना पड़ेगा।
समयबद्धता: पीछे चल रही ट्रेनों की लेटलतीफी कम होगी।
स्टेशन और यार्ड: ट्रेनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी।
क्षमता: बढ़ती ट्रेनों के मुकाबले रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी।

Exit mobile version