छत्तीसगढ़ की राजधानी में अमित शाह की हुंकार, छत्तीसगढ़ की सुनहरे भविष्य को आधारशिला रखने वाला है ये विधानसभा चुनाव

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश की पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के 15 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को 9 वर्षों ‘सेवा-सुशासन-गरीब कल्याण’ के कार्यक्रमों का ब्योरा देते हुए प्रदेश की भूपेश सरकार को छोटी आबादी की सबसे बड़ी भ्रष्ट सरकार बताते हुए जमकर निशाना साधा। राजधानी के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में श्री शाह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है, यह चुनाव छत्तीसगढ़ की सुनहरे भविष्य को आधारशिला रखने वाला चुनाव है।

केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने मिशन आदित्य की लॉन्चिंग की प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में पाँच सालों से वादाखिलाफी, भ्रष्टाचार और घपलों-घोटालों की सरकार चल रही है। भाजपा ने उस सरकार के खिलाफ जनजागृति लाने के लिए भाजपा ने एक आरोप पत्र तैयार किया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा की पूर्ववर्ती राज्य सरकार के 15 वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए श्री शाह ने कहा कि श्रद्धेय अटलजी ने जिन सपनों के साथ छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया था, उन सपनों को साकार करने का वह कार्यकाल था। प्रदेश के पहले चुनाव के बाद डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व में छत्तीसगढ़ ने 15 साल तक विकास की अविरल यात्रा की।

श्री शाह ने कहा कि सन 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को विकसित करने के अनेक प्रयास हुए। लेकिन 2018 में छत्तीसगढ़ में बनी कांग्रेस की सरकार ने प्रधानमंत्री श्री मोदी का साथ देने के बजाय छत्तीसगढ़ में लूट-खसोट, भ्रष्टाचार और घपलों-घोटालों की सरकार बनाई, जिसके कारण छत्तीसगढ़ के विकास पर सवालिया निशान लग गया है। श्री शाह ने विश्वास व्यक्त किया कि 2023 के विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटें भाजपा जीतेगी और डबल इंजन की सरकार प्रदेश को विकास की ऊँचाई पर ले जाएगी।

केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने कहा कि मनरेगा के कार्यदिवस 50 दिन बढ़ाने वाली छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पहली सरकार थी। मातृत्व अवकाश देने वाली, पंचायतों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण देने वाली, नगरीय निकायों में आरक्षण देने वाली भाजपा की सरकार ही थी। कांग्रेसनीत यूपीए की केंद्र सरकार के 10 साल के शासनकाल में छत्तीसगढ़ को सिर्फ 77,800 करोड़ रुपए मिले, जबकि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पिछले 9 साल में 3,02,429 करोड़ रुपए छत्तीसगढ़ को दिए।

कांग्रेस के किए गए वादों की चर्चा करते हुए श्री शाह ने कहा कि किसी भी वादे पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने काम नहीं किया। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि शराब घोटाला सिर्फ 2160 करोड़ का नहीं, बल्कि हजारों करोड़ रुपए का है। यह 2160 करोड़ रुपए तो इस घोटाले की टिप है। पूर्ण शराबबंदी के नाम पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने क्या किया? अब प्रदेश सरकार अपने झूठे दावों को लेकर चाहे जितना प्रचार कर ले, परंतु प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के चरित्र को समझ गई है।

Exit mobile version