छत्तीसगढ़

29 मार्च से सप्ताह में दो दिन अंबिकापुर-दिल्ली उड़ान सेवा शुरू

Ambikapur-Delhi flight service starts biweekly from March 29

अंबिकापुर। अंबिकापुर से हवाई सेवा को लेकर अच्छी खबर है। अंबिकापुर अब हवाई सेवा से देश की राजधानी दिल्ली से जुड़ने जा रहा है। एलाइंस एयर विमानन कंपनी 72 सीटर विमान का परिचालन करेगी। यह विमान वाया बिलासपुर होकर सप्ताह में दो दिन आना-जाना करेगा। इसकी शुरुआत 29 मार्च से होने जा रही है। सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को इसका परिचालन होगा। विमानन कंपनी ने 29 मार्च से लेकर 24 अक्टूबर तक का शेड्यूल भी जारी कर दिया है।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि विमान सेवा का परिचालन वीजीएफ मोड पर होगा। यानी विमानन कंपनी को यदि लाभ नहीं होगा तो भी घाटे की भरपाई शासन स्तर से की जाएगी। शुरुआती दिनों में यदि यात्री नहीं भी मिलते हैं तो भी इसका परिचालन संभव हो सकेगा, क्योंकि अंतर की राशि शासन स्तर से प्रदान की जाएगी। इस व्यवस्था से निर्बाध रूप से विमान का परिचालन हो सकेगा।

सोमवार को दिल्ली से बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर आकर विमान दिल्ली के लिए रवाना होगा। बुधवार को दिल्ली से अंबिकापुर आकर बिलासपुर होते हुए दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। अंबिकापुर और बिलासपुर में 25-25 मिनट का ठहराव दिया गया है।

बता दें कि अंबिकापुर से 12 किलोमीटर दूर ग्राम दरिमा में मां महामाया एयरपोर्ट का विकास किया गया है। यहां से रायपुर और बिलासपुर के लिए 19 सीटर विमान का परिचालन शुरू किया गया था, लेकिन अनियमित उड़ान के कारण यात्रियों को इसका बेहतर प्रतिसाद नहीं मिल रहा था। लंबी दूरी के विमान परिचालन की मांग को देखते हुए सांसद चिंतामणि महाराज ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर अंचल की जरूरतों से अवगत कराया था।

Related Articles

Back to top button