बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डीपाडीह में एक वृद्ध विधवा महिला ने कुछ लोगों के खिलाफ उसके मकान में तोड़फोड़ करने, घर में रखे सामान को नुकसान पहुंचाने और ₹6 लाख नकद ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, तिलेश्वरी देवी पति स्वर्गीय जमुना साव, उम्र लगभग 78 वर्ष, निवासी ग्राम डीपाडीह ने थाना शंकरगढ़ में आवेदन देकर बताया कि उनके पति की मृत्यु के बाद वह ग्राम डीपाडीह में अपनी स्वामित्व एवं आधिपत्य की भूमि पर निर्मित मकान में निवास करती हैं। कुछ समय पूर्व स्वास्थ्य संबंधी समस्या के बाद वह इलाज कराने अपनी बेटी के घर टांगीसरिया (सामरी) चली गई थीं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 03 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे अनावेदकगण ने उनकी अनुपस्थिति में जेसीबी लगाकर उनके पुराने खपरैल मकान एवं प्रधानमंत्री आवास को तोड़-फोड़ कर क्षति पहुंचाई। शिकायत में घर में रखे बर्तन, अनाज, कपड़े एवं अन्य जरूरी सामान को नष्ट करने का भी आरोप लगाया गया है।
महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि घर में रखी ₹6 लाख की नकद राशि निकाल ली गई तथा पुराने सोना-चांदी के आभूषण भी ले जाने का प्रयास किया गया। इसके अलावा भूमि के चारों ओर बाउंड्री निर्माण किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
शिकायत में केदार गुप्ता, सुभाष गुप्ता, सुदामा गुप्ता और रितेश गुप्ता के नाम अनावेदक के रूप में उल्लेखित हैं। आवेदिका ने आरोप लगाया है कि संबंधित लोग उसकी वृद्धावस्था और विधवा होने का फायदा उठाकर भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
आवेदिका ने थाना प्रभारी शंकरगढ़ से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
