घर में घुसकर गाली-गलौज, जान से मारने और ट्रैक्टर चढ़ाने की धमकी का आरोप, पीड़ित ने थाने में दी शिकायत
Allegations of trespassing, verbal abuse, and threats to kill and run over with a tractor; victim files a complaint at the police station.

रीवा मप्र | रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
पहले से दर्ज एससी-एसटी एक्ट के मामले में समझौते का दबाव बनाने का आरोप, परिवार ने सुरक्षा और कार्रवाई की मांग


डभौरा थाना क्षेत्र के नगर परिषद डभौरा के वार्ड क्रमांक-4 छमुहा रोड निवासी ओंकार आरख ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर कुछ लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने तथा लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
शिकायत में ओंकार आरख ने आरोप लगाया है कि अजय सिंह, उनके पुत्र वीर विक्रम सिंह, कौशलेंद्र सिंह, प्रशांत तिवारी, अनुज तिवारी और ऋषि मिश्रा आए दिन उन्हें और उनके परिवार को धमकाते हैं। आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी विक्रम सिंह के विरुद्ध डभौरा थाने में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पीड़ित ने बताया कि 30 मार्च 2026 को उनके पुत्र नीरज आरख के साथ कथित मारपीट और बंधक बनाने की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत पर 31 मार्च 2026 को डभौरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। उसी प्रकरण में समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपित केस वापस लेने के लिए कभी रास्ते में तो कभी घर पहुंचकर जान से मारने और ट्रैक्टर चढ़ाने की धमकी देते हैं। इससे पूरा परिवार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रहा है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 13 और 14 जुलाई को हुई कथित घटनाओं के दौरान परिवार की महिलाओं और बच्चों को भी धमकाया गया। पीड़ित ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।



