सड़क-नाली में घोटाले का आरोप, जलभराव से त्रस्त ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
Allegations of scams in road and drainage projects; villagers, plagued by waterlogging, vent their anger.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
जवा। जनपद पंचायत जवा अंतर्गत ग्राम पंचायत गौहाना में सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क और नाली निर्माण अधूरा एवं मानकों के विपरीत किया गया है, जिससे गांव में वर्षभर जलभराव की स्थिति बनी रहती है।

ग्रामीणों के अनुसार कई स्थानों पर सड़क निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन पानी निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई। परिणामस्वरूप बारिश का पानी सड़कों और घरों के आसपास जमा रहता है। वहीं नाली निर्माण कार्य भी अधूरा होने से गंदा पानी घरों में घुस रहा है, जिससे लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि शासन की कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक नहीं पहुंच रहा है। वृद्धावस्था पेंशन, आवास योजना सहित अन्य योजनाओं से कई जरूरतमंद परिवार आज भी वंचित हैं।

ग्रामीण महिलाओं ने सरपंच-सचिव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर पैसे लिए गए, लेकिन आज तक न तो आवास मिला और न ही पेंशन का लाभ। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा अधूरे निर्माण कार्यों को तत्काल पूरा कराने की मांग की है।
ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन गांव पहुंचकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करे और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराए।



