बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिले में बड़े स्तर पर अधिकारियों के प्रभार में फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर और 14 तहसीलदारों सहित कुल 16 अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
कलेक्टर द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत नजूल शाखा और मस्तूरी राजस्व अनुभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नई टीम की तैनाती की गई है। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदों का कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मस्तूरी एसडीएम का बदला पदभार
मस्तूरी एसडीएम के रूप में कार्यरत प्रवेश पैकरा को अब संयुक्त कलेक्टर के पद पर जिला कार्यालय बिलासपुर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जिला कार्यालय में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर शिव कुमार कंवर को मस्तूरी का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। उन्हें नजूल शाखा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
तहसीलदार स्तर पर भी बदलाव
तहसीलदार स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। गरिमा ठाकुर को सीपत, सोनू अग्रवाल को रतनपुर और संदीप कुमार साय को मस्तूरी तहसीलदार नियुक्त किया गया है। इसके अलावा शिल्पा भगत को बोदरी तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नायब तहसीलदारों की नई पदस्थापना
नायब तहसीलदारों में भी नई तैनाती की गई है। ओम प्रकाश चंद्रवंशी को गनियारी, समर्थ थवाईत को बेलतरा और राहुल साहू को बेलगहना में पदस्थ किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि इस फेरबदल से राजस्व कार्यों में तेजी आएगी और आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सुविधा मिल सकेगी।
