घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता, कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई: कलेक्टर
Adequate availability of domestic gas, strict action will be taken against black marketing: Collector

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के गैस उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने बताया कि पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही रिफिल बुकिंग स्वीकार की जा रही है। इसलिए उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग कराकर ही गैस प्राप्त करें। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि गैस गोदाम, वितरण स्थल और गैस कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ न लगाएं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित न हो।
कलेक्टर ने गैस वितरकों को निर्देश दिए कि वे व्यवस्था सुचारू बनाकर गैस की समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गैस की कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए जिले के गैस गोदामों, वितरण स्थलों और गैस कार्यालयों का गठित टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। उपभोक्ता गैस की कालाबाजारी या अन्य शिकायतें जिला कंट्रोल रूम के नंबर 07622-255143 पर दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों सुभाष द्विवेदी (9754086797), अनमोल जैन (6265666501) और विनीत मिश्रा (9098007799) के मोबाइल नंबरों पर भी शिकायत या सुझाव दिए जा सकते हैं।
कलेक्टर ने बताया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठान कामर्शियल गैस की वैकल्पिक व्यवस्था के अनुसार अपने प्रतिष्ठानों का संचालन कर रहे हैं। वहीं त्योंथर तहसील में एसडीएम और पुलिस द्वारा होटल व ढाबों की जांच की गई, जहां घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग पर छापेमारी की कार्रवाई भी की गई।



