रायपुर। रायपुर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। सोमवार को नगर निगम जोन-9 की टीम ने महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक-8 में डेकाथलॉन के पास मुख्य मार्ग पर नाले के ऊपर बने अवैध पाटे को जेसीबी से तोड़ दिया। इसके बाद नाले की सफाई कर पानी की निकासी कराई गई।
नाले पर बने अवैध पाटे के कारण सफाई कार्य प्रभावित हो रहा था। बारिश के दौरान आसपास के क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन रही थी। इस कार्रवाई के बाद नाले की सफाई कर जल निकासी का रास्ता साफ किया गया।
इस कार्रवाई के दौरान जोन कमिश्नर राकेश शर्मा, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, जोन स्वास्थ्य अधिकारी बारोन बंजारे, उमेश नामदेव और स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी मौजूद रहे।
दो दिन पहले पंडरी में भी तोड़ा गया था अवैध पाटा
इससे पहले नगर निगम ने पंडरी के दुर्गानगर में भी जलभराव की समस्या दूर करने के लिए कार्रवाई की थी। पंडरी कपड़ा बाजार स्थित प्रकाश होलसेल मार्केट के सामने नाले पर करीब 100 वर्गफीट में बना अवैध पाटा जेसीबी से तोड़ा गया था।
निगम के अनुसार दुकान संचालक ने नाले पर कब्जा कर पाटा बना लिया था, जिससे नाले की सफाई प्रभावित हो रही थी और बारिश में दुर्गानगर बस्ती में पानी भरने की समस्या बढ़ रही थी।
इसी अभियान के तहत वीर शिवाजी वार्ड-16 के ब्रम्हदेईपारा में भी नाले के पास बने अतिक्रमण को हटाकर अवैध झोपड़ी तोड़ी गई थी, ताकि जल निकासी बाधित न हो।
अवैध प्लाटिंग पर भी सख्ती जारी
जलभराव के साथ-साथ नगर निगम अवैध प्लाटिंग के खिलाफ भी कार्रवाई कर रहा है। दो दिन पहले ही जोन-1 की टीम ने संत कबीर दास वार्ड-3 के सुखराम नगर में करीब तीन एकड़ में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई करते हुए जेसीबी से अवैध मुरम सड़क काट दी, बनाई गई नींव तोड़ दी और प्लाटिंग स्थल तक पहुंचने का रास्ता बंद कर दिया था।
नगर निगम ने संबंधित भूमि के वास्तविक स्वामी की जानकारी के लिए तहसीलदार को पत्र भेजा है। जानकारी मिलने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम का कहना है कि मानसून के दौरान जलभराव रोकने, नालों पर किए गए अवैध कब्जे हटाने और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
