न्यायिक मजिस्ट्रेट से 5 अरब की फिरौती मांगने वाला आरोपी यूपी से गिरफ्तार

Accused who demanded ransom of 5 billion from judicial magistrate arrested from UP

लोकेशन -रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

रीवा। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, त्यौंथर को 5 अरब रुपये की फिरौती मांगने वाले आरोपी को सोहागी पुलिस ने उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। इस धमकी भरे पत्र के वायरल होने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया था।
जानकारी के मुताबिक 2 सितम्बर 2025 को न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहिनी भदौरिया को रजिस्ट्री डाक से एक पत्र मिला, जिसमें 5 अरब रुपये की मांग नहीं पूरी करने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। पत्र में प्रेषक का नाम संदीप सिंह, निवासी सुंदरपुर लोहगरा थाना बारा, प्रयागराज (उ.प्र.) लिखा गया था।
थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने साइबर सेल टीम के साथ त्वरित जांच शुरू की। जांच में पता चला कि पत्र प्रयागराज RMS डाकघर से रजिस्ट्री किया गया था। डाकघर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो 28 अगस्त को देवराज सिंह को पत्र रजिस्ट्री करते हुए देखा गया।
पुलिस ने देवराज सिंह पिता रामदीन सिंह पटेल (उम्र 74 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 9, राजाकोठी शंकरगढ़, प्रयागराज को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि संदीप सिंह से विवाद के चलते उसे फंसाने के लिए उसने न्यायाधीश को धमकी भरा पत्र भेजा था। पुलिस ने आरोपी से आवश्यक साक्ष्य जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में सोहागी थाना प्रभारी पवन शुक्ला, उपनिरीक्षक संजीव शर्मा, प्रधान आरक्षक सतेंद्र सिंह, आरक्षक देवेंद्र शुक्ला, आरक्षक विशाल सिंह, महिला आरक्षक दीप मिलाला और साइबर सेल रीवा की अहम भूमिका रही।
Exit mobile version