रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
डभौरा थाना क्षेत्र के मामले में त्योंथर विशेष न्यायालय का फैसला, पॉक्सो एक्ट के तहत दोषी करार
रीवा। डभौरा थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में विशेष न्यायालय त्योंथर ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए आरोपी को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने दोषी पर 5 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मुन्नीलाल उर्फ मुन्नीप्रसाद यादव पिता रामचंद्र यादव, निवासी ग्राम दोदर, थाना डभौरा ने एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म किया था। पीड़िता की मां आशा देवी यादव की शिकायत पर डभौरा थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की थी।
मामले की विवेचना उप निरीक्षक ऋषभ सिंह बघेल ने की। विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय में अभियोजन पक्ष की ओर से एडीपीओ धीरेंद्र सिंह ने प्रभावी पैरवी करते हुए साक्ष्य और तथ्यों को प्रस्तुत किया।
दोनों पक्षों को सुनने और प्रस्तुत साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद विशेष न्यायालय ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दोषी ठहराते हुए 20 वर्ष के कठोर कारावास और 5 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया। न्यायालय के इस फैसले को नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले गंभीर अपराधों के मामलों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
