लोकेशन- रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
सांदीपनी विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं और हाल ही में करंट लगने से छात्रा के गंभीर रूप से घायल होने की घटना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) सेमरिया इकाई ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
नगर मंत्री गौरव मिश्र ने बताया कि कुछ दिनों पहले विद्यालय परिसर में शौचालय के दरवाजे से करंट लगने से छात्रा सेजल साकेत गंभीर रूप से घायल हो गई थी। परिजनों और सहपाठियों का आरोप है कि करंट लगने के बाद भी विद्यालय प्रशासन ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई और छात्रा को काफी देर तक वहीं पड़ा रहने दिया गया। अंततः विद्यार्थियों ने ही उसे अस्पताल पहुंचाया।
एबीवीपी ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों का रवैया अमानवीय रहा। घटना के बाद न तो समय पर सहायता की गई और न ही विद्यालय की ओर से किसी ने छात्रा की कुशलक्षेम जानने का प्रयास किया।
अव्यवस्थाओं की लंबी फेहरिस्त
विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन में विद्यालय की कई गंभीर समस्याओं को उठाया—
कई कक्षाओं की छत जर्जर, किसी भी वक्त हादसे की आशंका।
टीनशेड के नीचे पढ़ाई से बच्चों की सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर लगातार सवाल।खिलाड़ियों को खेल सामग्रियां उपलब्ध नहीं, बाहर खेलने जाने पर अवैध किराया वसूली। साफ-सफाई का अभाव, शौचालय बदहाल।शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नाकाफी।
कार्रवाई की मांग
एबीवीपी ने मांग की है कि सभी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए और छात्रा के साथ हुई करंट की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
