संविदाकर्मियों को मिला ‘आप’ का समर्थन

रायपुर में हजारों की संख्या में हड़ताल पर बैठे संविदाकर्मियों से ‘आप’ प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने की मुलाकात
रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रदेशभर के हजारों की संख्या में संविदाकर्मी हड़ताल पर बैठे हैं। इसी बीच आज आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी बड़ी संख्या में आप पदाधिकारियों के साथ धरना स्थल तूता पर पहुंचकर संविदाकर्मचारियों के हड़ताल का समर्थन किया। इस दौरान कोमल हुपेंडी ने कर्मचारियों से बातचीत की और भूपेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सरकार पर संविदाकर्मियों के साथ वादाखिलाफ का आरोप लगाया है।
हुपेंडी ने कहा कि आलम यह है कि कर्मचारियों को जल सत्याग्रह कर रहे हैं। स्वास्थ्य कर्मचारी भी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। इनके हड़ताल में चले जाने से अस्पतालों के स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं, लेकिन भूपेश सरकार को इसकी चिंता नहीं है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों पर भूपेश सरकार द्वारा एस्मा लगाया जाना बेहद शर्मनाक है।
कोमल हुपेंडी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की भूपेश सरकार से मांग है कि इसी विधानसभा सत्र के अनुपूरक बजट में सभी संविदाकर्मचारियों को नियमित करे। बिना नियमितकरण के संविदा कर्मचारियों का भविष्य असुरक्षित है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को न बीमा और न ही पेंशन मिलता है। ऐसे में उनका भविष्य सुरक्षित नहीं है।
“आप” प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने 2018 में विधानसभा चुनाव के पहले प्रदेशभर के अनियमित कर्मचारियों को सरकार बनने के बाद नियमित करने का वादा किया था, लेकिन आज साढ़े चार साल बीत जाने के बाद भी सरकार ने इनके साथ धोखा किया। उन्होंने, भूपेश सरकार को जनविरोधी सरकार बताया और कहा कि कर्मचारी अपना कार्य पूर्ण ईमानदारी और निष्ठा के साथ करते चले आ रहे हैं, लेकिन भूपेश सरकार की दमनकारी नीतियां उनका हक मारने का काम कर रही हैं।



