रायपुर। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव अभियान में जुटी हुई है। प्रदेश में पार्टी आलाकमान के दौरे लगातार जारी हैं। पंजाब-दिल्ली के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल के बस्तर दौरे के बाद एक बार फिर से ‘आप’ प्रदेश प्रभारी संजीव झा का छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित है। आम आदमी पार्टी के अनुसार संजीव झा कल यानि 20 सितंबर से तीन दिवसीय प्रादेशिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वो पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेंगे।
आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी संजीव झा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लगातार प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। इससे पहले उन्होंने पार्टी द्वारा घोषित 10 उम्मीदवारों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया था। जानकारी के अनुसार प्रभारी संजीव झा का प्रदेशस्तरीय कार्यकर्ता और पदाधिकारियों के साथ 20 सितंबर से तीन दिनों तक लगातार बैठकों का दौर जारी रहेगा।
गौरतलब है कि ‘आप’ विधानसभा उम्मीदवारों के साथ 12 सितंबर को प्रदेश प्रभारी संजीव झा की बैठक में प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर बैठक हुई थी। वहीं इस बैठक में विधानसभा चुनाव की रणनीतियों के अलावा प्रदेश प्रभारी संजीव झा की पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ अन्य महत्वपूर्ण राजनीतिक विषयों पर भी चर्चा संभव है। वहीं, प्रदेश प्रभारी के दौरे को लेकर ‘आप’ कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है।
