रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। जिले के डभौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत डभौरा–हरदोली रोड के बीच जंगल किनारे सड़क पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रकाश तिवारी (30) निवासी ग्राम बौसड़, थाना डभौरा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जानकारी के अनुसार प्रकाश तिवारी सोमवार को डभौरा बाजार जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह पुलिस ने सूचना दी कि डभौरा–हरदोली मार्ग के बीच जंगल में सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान प्रकाश तिवारी के रूप में की।
सूचना मिलते ही डभौरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि कुछ दिन पहले एक मिस्त्री द्वारा उनके बेटे को धमकी दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि उसी विवाद के चलते प्रकाश की हत्या की गई है।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने डभौरा थाने का घेराव कर दिया और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के समझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद गांव और क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
