डूमरखोरका में पहुंचा जंगली हाथी, सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचे
A wild elephant reached Dumarkhorka; upon receiving the information, a Congress leader and a Forest Department team arrived at the scene.

बलरामपुर/ ग्राम पंचायत डूमरखोरका में बीती रात उस वक्त ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया, जब गांव के आसपास एक जंगली हाथी पहुंच गया। हाथी के गांव के नजदीक पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीण सतर्क हो गए और इसकी जानकारी संबंधित लोगों को दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष प्रशांत विश्वास उर्फ छोटू बंगाली तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य समीर सिंह देव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, हाथी के गांव के आसपास होने की सूचना वन विभाग को भी दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची। वन अमले द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश दी गई और आवश्यक कार्रवाई करते हुए हाथी को गांव की आबादी से दूर जंगल की ओर खदेड़ा गया।
वन विभाग की त्वरित कार्रवाई के बाद हाथी के जंगल की ओर चले जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि, जंगली हाथी के गांव के नजदीक पहुंचने से देर रात तक ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहा।
ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और हाथी दिखाई देने पर उसके करीब न जाने की अपील की गई है। साथ ही वन विभाग को तत्काल सूचना देने की सलाह दी गई है।


