मुंगेली/लोरमी। ग्राम पंचायत नवागांव दयाली की आंगनबाड़ी सहायिका हेमलता पात्रे ने गांव के कुछ लोगों पर कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने, गाली-गलौज करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता अपनी शिकायत लेकर डिंडौरी पुलिस चौकी पहुंची थी, लेकिन उनका आरोप है कि चौकी में उनकी शिकायत पर मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके उलट उन्हें कोर्ट जाकर कार्रवाई कराने की सलाह दी गई।
एक विधवा महिला का आरोप है कि न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस चौकी पहुंचने के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिली और वह निराश होकर घर लौट गईं।
पीड़िता का सवाल है कि जब थाने और पुलिस चौकी में शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होगी और लोगों को न्यायालय जाने की सलाह दी जाएगी, तो आम नागरिक पुलिस से न्याय की उम्मीद कैसे करेगा?
अब पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक मुंगेली से न्याय और मामले की निष्पक्ष जांच की उम्मीद जताई है। देखना होगा कि एसपी इस मामले में क्या संज्ञान लेते हैं और पीड़िता की शिकायत पर क्या कार्रवाई होती है।
सवाल यह है कि एक पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की है?