रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा जिले के डभौरा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब डभौरा–हरदोली रोड के जंगल किनारे एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान बौसड़ निवासी प्रकाश तिवारी (30) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जवा भेज दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजन हत्या की आशंका जताते हुए डभौरा थाने पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। इस दौरान थाने के बाहर पुलिस से हुई तीखी बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले में थाना प्रभारी ऋषभ सिंह बघेल ने मीडिया से कहा कि वायरल वीडियो 10 मार्च 2026 का है। उस समय पुलिस को सड़क हादसे में युवक की मौत की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
फिलहाल परिजन इसे हत्या बता रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
