रायपुर । श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर राजधानी के गुरुद्वारों में श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजन हुए। तेलीबांधा और टाटीबंध गुरुद्वारों में सुबह से ही संगत पहुंचने लगी। श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन कर मत्था टेका और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए अरदास की।
तेलीबांधा गुरुद्वारे में शबद-कीर्तन के जरिए गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का संदेश दिया गया। कीर्तन सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। गुरुद्वारे में दिनभर धार्मिक गतिविधियां चलती रहीं।
अरदास में शामिल हुए श्रद्धालु
टाटीबंध गुरुद्वारे में भी प्रकाश पर्व पर विशेष आयोजन किया गया। यहां संगत ने गुरु घर में हाजिरी लगाई और गुरुवाणी का श्रवण किया। श्रद्धालुओं ने अरदास में शामिल होकर गुरु नानक देव जी को नमन किया।
दोनों गुरुद्वारों में लंगर की व्यवस्था की गई। संगत ने एक साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण की। सेवादारों ने लंगर और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
सेवा और भाईचारे का दिया संदेश
प्रकाश पर्व पर शहर के अन्य गुरुद्वारों में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। पूरे दिन सेवा, भक्ति और भाईचारे का संदेश देने वाले कार्यक्रमों में समाज के लोगों ने भागीदारी निभाई।
