महासमुंद। चावल के कारोबार में 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में कुरूद थाना पुलिस ने महासमुंद के राइस मिलर विनय अग्रवाल को हिरासत में लिया है। पुलिस ने रविवार रात महासमुंद में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। कुरूद थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर ने बताया कि आरोपी से मामले में पूछताछ की जा रही है।
एक करोड़ के सौदे में 60 लाख की हेराफेरी
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, कुरूद के अमलीडीह स्थित डीएमएच एग्रोटेक राइस मिल की संचालक उर्मिला शर्मा ने महासमुंद स्थित सालासर बालाजी फूड्स के प्रोपराइटर विनय अग्रवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, अप्रैल 2023 में दोनों के बीच चावल की खरीद-बिक्री का एक करोड़ रुपये का सौदा हुआ था। इसमें से 40 लाख रुपये का भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से किया गया, जबकि शेष 60 लाख रुपये के एवज में फर्जी दस्तावेज तैयार कर आर्थिक धोखाधड़ी की गई।
एफसीआई गोदाम के दस्तावेज निकले जाली
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी विनय अग्रवाल ने 2320 क्विंटल चावल के संबंध में लॉट क्रमांक 28969 से 28976 का उल्लेख करते हुए एफसीआई गोदाम मंदिर हसौद में चावल जमा होने के दस्तावेज प्रस्तुत किए थे। जब संबंधित कार्यालय में इन दस्तावेजों और इनवॉइस का सत्यापन कराया गया, तो वे पूरी तरह फर्जी पाए गए।
धोखाधड़ी व कूटरचना की धाराओं में केस दर्ज
प्रार्थी की शिकायत पर कुरूद पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस अब दोनों फर्मों के बैंक खातों, लेनदेन, बिलों और चावल के भंडारण से जुड़े मूल दस्तावेजों की जांच कर रही है।
