कार्रवाई की आधी तस्वीर: छुरा में अवैध ईंट भट्ठों पर नोटिस जारी, जबकि देवभोग–अमलीपदर क्षेत्र में अब तक कोई सख्ती नहीं अब भी बेखौफ कारोबार
A partial picture of the action: Notices issued to illegal brick kilns in Chhura, while the Devbhog-Amlipada area remains unchecked, with businesses still operating without fear.

देवीचरण ठाकुर गरियाबंद
गरियाबंद_ कलेक्टर श्री बीएस उइके के निर्देश पर जिले में अवैध खनन एवं ईंट भट्ठा संचालन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। 05 फरवरी से 11 फरवरी 2026 के बीच तहसील छुरा क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान ग्राम खरखरा में 03, पंडरीपानी में 03, रसेरा में 03, मोंगरा में 02, पाटसिवनी में 02 एवं नवापारा में 01 अवैध ईंट भट्ठा संचालनकर्ता पाए गए, जिन्हें नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं ग्राम पथरी में अवैध ईंट भट्ठा संचालन नहीं पाया गया। इसके अलावा नागिनबाहरा, कोसमी, चरौदा एवं खुडियाडीह ग्रामों का भी निरीक्षण किया गया।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी अवैध उत्खननकर्ताओं पर छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम 2009, खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त वाहनों पर भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
देवभोग एवं अमलीपदर क्षेत्र में भी कार्रवाई की मांग
इधर स्थानीय नागरिकों ने देवभोग एवं अमलीपदर क्षेत्र में भी अवैध ईंट भट्ठों एवं खनिज उत्खनन पर कार्रवाई की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि यदि इन क्षेत्रों में भी सघन जांच अभियान चलाया जाए तो कई अवैध गतिविधियों का खुलासा हो सकता है।
जनता ने प्रशासन से मांग की है कि जिले के सभी विकासखंडों में समान रूप से निरीक्षण कर अवैध खनन पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए, ताकि शासन को राजस्व हानि न हो और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
कार्रवाई कब होगी : इस कार्रवाई के बादअब देखने वाली बात ये होगी कि ये अभियान कितना प्रभावी साबित होता है.क्योंकि खनिज विभाग अवैध ईंट भट्ठों पर कार्रवाई तो करता है लेकिन कुछ दिन बाद फिर से अवैध काम शुरु हो जाता है.



