छत्तीसगढ़

हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली विशाल तिरंगा यात्रा

A massive Tiranga Yatra was taken out under the 'Har Ghar Tiranga' campaign.

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर में गुरुवार को महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा में लगभग एक हजार लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा शासकीय कन्या हाई स्कूल, बिश्रामपुर से प्रारंभ होकर अंबेडकर चौक तक पहुंची और निर्धारित मार्ग से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुई। करीब दो किलोमीटर लंबी यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा थामे स्कूली छात्र-छात्राएं, नागरिक, जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी-कर्मचारी देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे।

यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विद्यार्थियों और नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता ने आयोजन को विशेष उत्साह और गरिमा प्रदान की।

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान-शान का प्रतीक है और हर नागरिक का दायित्व है कि वह तिरंगे के सम्मान तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ बनाए। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और जनभागीदारी का व्यापक जनआंदोलन है।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और तिरंगे के सम्मान का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया। आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button