सरायपाली से पुलिस ने पकड़ा 17 से अधिक मामले सुलझे
जांजगीर-चांपा। पुलिस की सायबर टीम को एक बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी पंचराम निषाद उर्फ पंचू को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के अलावा दुर्ग, बलौदाबाजार, धमतरी और बालोद समेत अन्य जिलों में भी सक्रिय था। आरोपी पंचू निषाद कम कीमत में छड़, सीमेंट, ईंट बेचने का झांसा देकर लोगों को फंसाता था। वह घर के मुखिया को सस्ते माल का प्रलोभन देकर घर से बाहर ले जाता था। इसके बाद वापस आकर घर के अन्य सदस्य को तुम्हारे रिश्तेदार ने पैसा मंगाया है कहकर घर में रखे सोने, चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर लेता था। वह पहचान छुपाने के लिए सिर पर टोपी, गमछा और बिना नंबर की स्कूटी का इस्तेमाल करता था। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर सायबर सेल और संबंधित थाना प्रभारियों की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पंचू को महासमुंद जिले के सरायपाली से घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने थाना नवागढ़ और बिर्रा सहित सरहदी जिलों के कुल 17 से अधिक मामलों में अपराध करना स्वीकार किया है। आरोपी के कब्जे से ठगी और चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, घटना में प्रयुक्त सफेद स्कूटी और मोबाइल बरामद किया गया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 5,19,930 है। पंचराम निषाद उर्फ पंचू एक विचाराधीन बंदी था जो दिनांक 15.09.24 को धमतरी जेल से पेट दर्द का बहाना करके अस्पताल से हथकड़ी खोलकर फरार हो गया था। पुलिस अब उसके खिलाफ अन्य लंबित वारंटों और अपराधों से अर्जित अवैध संपत्ति पर कार्रवाई कर रही है।
