बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रदर्शन के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुख्यमंत्री का पुतला दहन किए जाने के दौरान आग की लपटें ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समीर सिंह देव की स्कॉर्पियो वाहन तक पहुंच गईं, जिससे वाहन में आग लग गई।
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के लिए तैयार किया गया पुतला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समीर सिंह देव की स्कॉर्पियो में रखा गया था। पुतला निकालकर दहन किए जाने के दौरान अचानक आग की चिंगारी वाहन तक पहुंच गई और स्कॉर्पियो के एक हिस्से में आग लग गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि, उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया और बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर कुछ समय के लिए हलचल का माहौल रहा, लेकिन स्थिति सामान्य होने पर कार्यक्रम आगे जारी रहा।
