शिवपुर में पिकअप-ऑटो की भीषण टक्कर, 5 घायल — दो की हालत गंभीर

A fierce collision between a pickup and an auto in Shivpur leaves five injured, two in critical condition.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 
रीवा। जिले के पनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत रामबाग के आगे शिवपुर गांव के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां आमने-सामने हुई पिकअप और ऑटो की जोरदार टक्कर में ऑटो सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस और 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जवा पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि ऑटो रामबाग से देवरी की ओर सवारी लेकर जा रहा था। जैसे ही ऑटो शिवपुर के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए।
ऑटो में चालक समेत चार महिलाएं और एक बच्चा सवार थे। घायलों में योगेंद्र यादव (38) पिता बेनी प्रसाद यादव, निवासी घूमन तथा राजकुमारी यादव, पति मोतीलाल यादव, निवासी देवरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जवा से रीवा रेफर कर दिया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज जवा अस्पताल में जारी है।
सूचना के बाद पनवार पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने ले गई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तराई क्षेत्र में अक्सर बिना लाइसेंस और नाबालिग चालकों के हाथों में ई-रिक्शा देखने को मिलते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।
Exit mobile version