ग्राम पंचायत कोनी कलां में सड़क निर्माण के दौरान हंगामा, महिलाओं ने जेसीबी के सामने लेटकर किया विरोध — भाजपा नेता और सचिव से मारपीट

A commotion erupted during road construction in Koni Kalan Gram Panchayat; women protested by lying down in front of a JCB truck. BJP leader and secretary assaulted.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

रीवा। ग्राम पंचायत कोनी कलां में रविवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान बड़ा बवाल हो गया। सरपंच और सचिव की मौजूदगी में जब सड़क का कार्य चल रहा था, तभी कुछ महिलाएं मौके पर पहुंचीं और विरोध करते हुए जेसीबी के सामने लेट गईं। विरोध कर रही महिलाओं ने मौके पर जमकर गाली-गलौज की और हंगामा मचा दिया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब महिलाओं ने भाजपा नेता शिवशंकर तिवारी के साथ मारपीट कर दी।
देखते ही देखते मौके पर तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने रीवा रोड पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही तहसीलदार सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने ग्राम पंचायत सचिव शिवभूषण द्विवेदी के साथ भी मारपीट कर दी।
ग्राम पंचायत सरपंच केदार प्रसाद साहू ने बताया कि सुबह करीब 11:30 बजे वे ट्रैक्टर से रास्ते पर जमा मलबा हटवाने का काम करा रहे थे। तभी प्रवीण मिश्रा अपने परिवार सहित मौके पर पहुंचे और काम रोकने की धमकी देने लगे। विवाद बढ़ने पर प्रवीण मिश्रा ने सरपंच केदार प्रसाद को मुक्का मार दिया, जिससे उनके सीने में दर्द हुआ। इसी बीच बीच-बचाव के लिए आए भाजपा नेता शिवशंकर तिवारी को भी डंडे से मारा गया, जिससे उनके सिर में चोट लगी।
हंगामे के दौरान श्रीकुमार द्विवेदी व तरुण कुमार द्विवेदी को भी पत्थर लगने से हाथ व हथेली में चोटें आईं। सरपंच ने बताया कि जाते-जाते प्रवीण मिश्रा और उनके परिवार ने धमकी दी कि अगर दोबारा यह काम कराया गया तो जान से मार देंगे।
घटना के बाद पंचायत सचिव ने अतरैला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं भाजपा नेता शिवशंकर तिवारी ने चेतावनी दी है कि अगर दीपावली तक सड़क निर्माण पूरा नहीं किया गया, तो वे ग्रामीणों के साथ अतरैला बाजार में भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
Exit mobile version