महिला के नाखूनों में छिपा था हत्या का सुराग
A clue to the murder was hidden in the woman's fingernails.

रायपुर। रायपुर में करीब 2 साल पहले हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस केस को सुलझाने में घटना के समय जुटाए गए वैज्ञानिक सबूत सबसे अहम साबित हुए। हत्या के दौरान महिला के नाखूनों से मिले बायोलॉजिकल सैंपल का DNA प्रोफाइल बनाकर सुरक्षित रखा गया था।
करीब 2 साल बाद संदिग्धों के DNA सैंपल से इसका मिलान कराया गया, जिसमें तीनों आरोपियों का DNA मैच हो गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की। फिर हत्या की पूरी कहानी सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2024 को शराब को लेकर हुए विवाद के दौरान राजू मंडल उर्फ बंगाली ने लता का गला दबाया था। वहीं, मनहरण सारंग ने उसके दोनों हाथ और राजेश पाल उर्फ चोटी ने दोनों पैर पकड़ रखे थे।
इस दौरान लता ने खुद को बचाने के लिए आरोपियों को नोचने की कोशिश की। इसी संघर्ष में सबूत उसके नाखूनों में रह गए। बाद में आरोपियों ने उसकी हत्या कर घर से कैश और पायल लेकर फरार हो गए थे। उस समय आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई थी। यह मामला खमतराई थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर का है।
अब जानिए पूरा मामला
महिला लता साहू के पहले पति का निधन हो गया था, उसने दूसरी शादी की थी। उसका दूसरा पति फेरी लगाकर घर चलाता था। 21 अगस्त 2024 को तीनों आरोपी मनहरण सारंग (33), राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू (31), राजू मंडल उर्फ बंगाली (35) ट्रांसपोर्ट नगर में लता साहू (40) के घर पहुंचे। तीनों महिला और उसके पति के परिचित थे।
इस दौरान चारों ने जमकर शराब पी। शराब खत्म होने के बाद दोबारा शराब मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ। बात बढ़ने पर झूमाझटकी होने लगी। इसी दौरान राजू मंडल उर्फ बंगाली ने लता का गला दबाया। मनहरण सारंग ने उसके दोनों हाथ और राजेश पाल उर्फ चोटी ने दोनों पैर पकड़ रखे थे।
पुलिस के मुताबिक कुछ देर बाद लता की छटपटाहट बंद हो गई। इसके बाद तीनों घर में रखे कैश, साड़ी और पायल लेकर पीछे की दीवार से निकलकर फरार हो गए। कैश आपस में बांट लिया, जबकि साड़ी और पायल मनहरण ने अपने पास रख ली।
घटना के समय आरोपी अज्ञात थे, DNA सुरक्षित रखा गया
हत्या के बाद पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान बड़ी चुनौती थी। जांच के दौरान महिला के नाखूनों में किसी अज्ञात व्यक्ति के जैविक निशान मिले। पुलिस ने इन सैंपल को सुरक्षित रखकर उनका DNA टेस्ट कराया।
उस समय आरोपियों का पता नहीं चल पाया, लेकिन पुलिस ने DNA प्रोफाइल सुरक्षित रख ली।
DNA मैच होने के बाद पूछताछ में सामने आया घटनाक्रम
2026 में जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कुछ संदिग्धों के बारे में अहम जानकारी मिली। इसके बाद उनके DNA सैंपल लिए गए। पुलिस के मुताबिक, जब इन सैंपल का पुराने DNA प्रोफाइल से मिलान कराया गया तो तीनों आरोपियों का DNA महिला के नाखूनों से मिले जैविक निशानों से मैच हो गया।
इसके बाद पुलिस ने तीनों से पूछताछ की। शुरुआत में उन्होंने घटना को लेकर अलग-अलग बातें बताईं। लेकिन सबूतों के आधार पर लगातार पूछताछ करने पर पुलिस के मुताबिक, तीनों ने घटना से जुड़ी कई अहम जानकारियां दीं।
इस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें रायपुर रावांभाठा का मनहरण सारंग (33), मुंगेली के नवागांव का राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू (31) का रहने वाला है। जबकि तीसरा आरोपी राजू मंडल उर्फ बंगाली (35) रावांभाठा, खमतराई रायपुर में रहता है। वह मूल रूप से दुर्ग का रहने वाला है।
एक आरोपी पर पहले से हत्या समेत 3 केस
पुलिस के मुताबिक, राजू मंडल उर्फ बंगाली के खिलाफ पहले से 2 चोरी और एक हत्या का केस दर्ज है। अब लता साहू की हत्या का मामला उसके खिलाफ चौथा अपराध है।
वहीं, मनहरण सारंग के खिलाफ भी मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने और अवैध वसूली का मामला पहले से दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।



