संत गुरु रविदास के समरसता संदेश के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का आह्वान
भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कार्यकर्ताओं को दिया मार्गदर्शन
बलरामपुर/भारतीय जनता पार्टी जिला बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय, बलरामपुर में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संत गुरु रविदास के जीवन, उनके समरसता और समानता के संदेश पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर संगठनात्मक रणनीति तैयार करते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने समाज को समानता, समरसता और मानवता का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रासंगिक और प्रेरणादायी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय उत्सव बनाया जाए।
मुख्य वक्ता एवं सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने संत गुरु रविदास महाराज के जीवन, संघर्ष और सामाजिक समरसता स्थापित करने में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत रविदास के आदर्श समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं तथा उनके विचार आज भी सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का मार्ग दिखाते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने की। उन्होंने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संत गुरु रविदास महाराज के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करे तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाकर अधिक से अधिक नागरिकों को इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़े। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा निर्धारित सभी कार्यक्रमों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ सफल बनाया जाएगा।
कार्यशाला के दौरान संगठन के आगामी अभियानों एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल मिश्रा, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष मुन्नालाल चौधरी, जिला उपाध्यक्ष बलवंत सिंह, शशिकला भगत, तारावती सिंह, जिला महामंत्री भानूप्रकाश दीक्षित, जिला प्रवक्ता दीननाथ बसंती भगत, मुंद्रिका सिंह, रामकुमार कुशवाहा, यादव, जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र श्रीवास्तव, अजय यादव, दिवाकर मुखर्जी, मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, विजय प्रताप सिंह, नारद यादव, शिवशंकर शुक्ला, संजय पुसाम, धीरेन्द्र द्विवेदी सहित जिले में निवासरत गुरु रविदास जयंती समारोह की जिला एवं मंडल टोली, सभी मोर्चों के जिला अध्यक्ष एवं महामंत्री, मंडल प्रभारी, सह-प्रभारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
