जिला संवाददाता मुंगेली
घायलों को इलाज के लिए सिम्स में कराया गया भर्ती
मुंगेली: जिला मुंगेली के पथरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम डांडगांव में रेत-गिट्टी हटाने के मामूली विवाद को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस हमले में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित गुजराज सोनवानी के भाई अनंतराम सोनवानी ने गांव के ही उबारन भार्गव की खाली जगह पर बिक्री के लिए दो हाइवा रेत और गिट्टी रखी थी। इसे हटाने के लिए आरोपित प्रेम भार्गव ने दो दिन का समय दिया था, लेकिन समय पूरा होने से पहले ही विवाद बढ़ गया। आरोप है कि 12 मई की रात करीब 8:30 बजे प्रेम भार्गव, उसके बेटों सन्नी, बब्बन, रांकी और अन्य सहयोगियों के साथ लोहे की राड और डंडे लेकर पीड़ित के घर में जबरन घुस गया। आरोपितों ने पीड़ित परिवार को मां-बहन की गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए उन पर हमला कर दिया। हमले में पीड़ित गुजराज सोनवानी, उनके भाई अनंतराम सोनवानी, पत्नी गंगाबाई और बेटे हर्ष सोनवानी को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों के सिर, कान, कंधे और हाथ-पैरों पर गहरी चोटें लगी हैं। पथरिया पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3) 109और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित परिवार ने एसपी से की शिकायत
पीड़ितों ने मुंगेली पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि राजनीतिक रसूख के चलते विरोधी पक्ष ने उनके खिलाफ भी पुलिस में एक झूठी काउंटर रिपोर्ट दर्ज करवा दी है, जिसके कारण उनका पूरा परिवार भयभीत है। पीड़ितों ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
