छत्तीसगढ़

सड़क निर्माण में तेजी लाने के नए निर्देश

New directives to accelerate road construction

रायपुर । लोक निर्माण विभाग में टेंडर मंजूर होने के बाद अब चयनित ठेकेदारों को 15 दिन के भीतर वर्कऑर्डर जारी करना होगा। इससे सड़क, पुल और भवन निर्माण के काम समय पर शुरू हो सकेंगे और निर्माण के लिए अनुकूल मौसम का पूरा इस्तेमाल किया जा सकेगा।

दरअसल, शुक्रवार को विभागीय समीक्षा बैठक में सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को यह निर्देश दिए। मंत्रालय में हुई बैठक में पांचों परिक्षेत्रों, सेतु बंध, विद्युत एवं यांत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख अभियंता कार्यालय के कामों की समीक्षा की गई।

सचिव ने कहा कि मुख्य अभियंता हर सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति जांचें। केवल कार्यालय में बैठकर समीक्षा करने के बजाय मौके पर काम की स्थिति देखी जाए।

खराब सड़कें उखाड़कर दोबारा बनानी होंगी

इस बैठक में गुणवत्ता को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। मानपुर-कोहका और गरियाबंद में राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्सों के साथ कबीरधाम जिले में परफॉर्मेंस गारंटी के तहत बने बानो-कान्हाभैरा मार्ग के खराब हिस्सों को उखाड़कर दोबारा बनाने को कहा गया।

सचिव ने स्पष्ट किया कि खराब गुणवत्ता वाले कामों को ठीक कराए बिना नहीं छोड़ा जाए। निर्माण सामग्री और काम की गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।

पुराने और नए स्वीकृत काम जल्द शुरू कराने के निर्देश

वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में मंजूर हुए कार्यों की टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि काम शुरू कराने के साथ उनकी भौतिक और वित्तीय प्रगति भी सुनिश्चित करें।

ठेकेदारों के काम की नियमित निगरानी करने और उनके लंबित भुगतान समय पर करने के लिए भी कहा गया। मुख्य अभियंताओं को अपने अधीन अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता तक की बैठक लेकर कामों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में भू-अर्जन, वन भूमि की मंजूरी, न्यायालयीन मामले, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा हुई। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और सीपीग्राम्स पर मिली शिकायतों के निराकरण की स्थिति जानी गई।

इस बैठक में प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और सभी मुख्य अभियंता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button