छत्तीसगढ़

ग्रामीणों के लिए सुविधाओं का सेतु बना सेवा सेतु केंद्र

Seva Setu Kendra has become a bridge of amenities for villagers

शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिली राहत, घर के नजदीक मिल रही शासकीय सेवाएं
यमुना मंडावी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार

रायपुर/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन की अवधारणा को साकार करते हुए शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल, सुगम एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश में संचालित सेवा सेतु केंद्र ग्रामीणों के लिए सुविधाओं का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय कार्यालयों की अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है।
सेवा सेतु केंद्र की इस सुविधा का लाभ मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अंबागढ़ चौकी तहसील अंतर्गत ग्राम पीपरखार निवासी श्रीमती यमुना मंडावी को मिला है। उन्होंने जनपद पंचायत स्थित सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। शासन की त्वरित एवं पारदर्शी सेवा व्यवस्था के चलते उन्हें आवेदन के महज 15 दिनों के भीतर दोनों प्रमाण पत्र प्राप्त हो गए।
श्रीमती यमुना मंडावी ने कम समय में आवश्यक प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करना बेहद आसान हो गया है। इस व्यवस्था से ग्रामीणों के समय और पैसे की बचत होने के साथ ही शासकीय सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय सेवाओं की पहुंच को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके नजदीक ही विभिन्न शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। श्रीमती यमुना मंडावी का अनुभव राज्य सरकार की संवेदनशील एवं नागरिक केंद्रित कार्यप्रणाली का उदाहरण है। सेवा सेतु केंद्र न केवल ग्रामीणों की राह आसान बना रहे हैं, बल्कि शासन और आम नागरिकों के बीच विश्वास को भी मजबूत कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button