आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़ा, 5 अस्पतालों पर कार्रवाई
Fraud in Ayushman scheme; action taken against 5 hospitals

रायपुर। बसों और एंबुलेंस में ग्रामीणों को भरकर अस्पताल लाने, 100-200 रुपए देकर मरीज के तौर पर भर्ती कर आयुष्मान योजना से करोड़ों रुपए का क्लेम लेने के आरोपों में घिरे पांच बड़े अस्पतालों से अब जुर्माना वसूला जाएगा है। स्वास्थ्य विभाग इन अस्पतालों को आयुष्मान योजना के तहत 3-3 साल के लिए निलंबित किया गया है।
अब इन्हीं अस्पतालों में पिछले एक साल के दौरान किए गए हर छोटे-बड़े क्लेम का ऑडिट कराया जा रहा है। यानी उन्होंने आयुष्मान के तहत जितने मरीजों का इलाज किया और स्वास्थ्य विभाग से उसका भुगतान किया गया, उन सभी का हिसाब तैयार किया जा रहा है। उसके बाद उस क्लेम का पांच गुना जुर्माना वसूल किया जाएगा।
इस ऑडिट का दायरा केवल अस्पतालों की ओर से किए गए बड़े क्लेम तक सीमित नहीं है। यह भी देखा जा रहा है कि जिन लोगों को मरीज बताकर भर्ती किया गया, क्या उन्हें वास्तव में अस्पताल में भर्ती करने और इलाज की जरूरत थी या फिर आयुष्मान योजना से क्लेम हासिल करने के लिए कागजों में इलाज दर्शाया गया।
खास तौर पर उन शिकायतों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, जिनमें गांवों और बस्तियों से ग्रामीणों को बसों और एंबुलेंस के जरिए लाकर अस्पताल में भर्ती किया गया।
जांच के दायरे में पांच अस्पताल, आरोपों के आधार पर खंगाले जा रहे रिकॉर्ड
श्री अनंत साई अस्पताल, तेलीबांधा (रायपुर): ओडिशा से मरीज बुलाकर फर्जी पैकेज बनाने के आरोप।
श्रीनिवास अस्पताल, गुढ़ियारी (रायपुर): एजेंटों के माध्यम से मरीज बुलाने और सामान्य शिकायतों पर हृदय व गुर्दा रोग के पैकेज ब्लॉक करने के आरोप।
वरदान अस्पताल (रायपुर): गंभीर वित्तीय अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन के मामले।
श्री रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज अस्पताल (रायपुर): आयुष्मान योजना के तहत गंभीर अनियमितताएं पाए जाने का मामला।
श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल (भिलाई, दुर्ग): योजना के तहत गंभीर अनियमितताओं के मामले।
पांचों अस्पतालों के लिए अलग-अलग टीमें बनाई
ऑडिट में किसी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने पांचों अस्पतालों के लिए अलग-अलग विशेषज्ञ टीमें गठित की हैं। हर टीम में स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों के साथ स्टेट नोडल एजेंसी के विशेषज्ञ और ऑडिट करने वाली टीम को शामिल किया गया है।
एक नजर में
10 अस्पताल: मरीजों से अतिरिक्त राशि वसूलने के मामले में एक साल के लिए निलंबित। 6 अस्पताल: गंभीर अनियमितताओं और फर्जी दस्तावेजों के मामलों में तीन साल के लिए निलंबित। 8 अस्पताल: निलंबित किए गए अस्पताल रायपुर के हैं।
बीमारी और बार-बार भर्ती का रिकॉर्ड जांचेंगे
ऑडिट के दौरान मरीजों की स्थायी निवास संबंधी जानकारी को भी महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है। शिकायतें है कि कई अस्पतालों में भर्ती दिखाए गए मरीज एक ही गांव या आसपास के इलाके के हैं। ऐसे में यह पता लगाया जा रहा है कि मरीज कहां के रहने वाले हैं।
इन अस्पतालों पर फर्जी मरीज भर्ती करने के आरोप हैं। चूंकि क्लेम की राशि ज्यादा है इसलिए ऑडिट कराया जा रहा है। आयुष्मान योजना की नियम शर्तों में ही फर्जी क्लेम की स्थिति में पांच गुना जुर्माना वसूलने के निर्देश हैं। -संजीव झा, संचालक स्वास्थ्य सेवाएं



