छत्तीसगढ़

10 करोड़ की आदिवासी जमीन के हस्तांतरण से मचा हड़कंप

Transfer of tribal land worth 10 crore sparks a stir

बिलासपुरः शहर के सबसे महंगे व्यावसायिक क्षेत्रों में शुमार व्यापार विहार में करीब 10 करोड़ रुपये की बेशकीमती भूमि के हस्तांतरण को लेकर बड़ा प्रशासनिक विवाद खड़ा हो गया है। नगर निगम के अधिकारियों द्वारा जारी एक अनापत्ति प्रमाण पत्र के सहारे आदिवासी परिवार के लिए आरक्षित दो विकसित भूखंडों को सामान्य वर्ग के खरीदारों के नाम रजिस्ट्री कर दी गई। अब आदिम जाति विकास विभाग के हस्तक्षेप के बाद पूरे सौदे की वैधता पर तलवार लटक गई है।

विवादित जमीन का मामला लगभग चार दशक पुराना है। वर्ष 1987 में व्यापार विहार परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए तत्कालीन विकास प्राधिकरण ने गोंड आदिवासी दौलत सिंह राज से आपसी सहमति के आधार पर 0.98 एकड़ भूमि ली थी। शर्तों के अनुसार जमीन के एवज में कुल रकबे का बीस प्रतिशत (पांचवां हिस्सा) विकसित प्लाट के रूप में लौटाया जाना था। अपने हक को पाने के लिए दौलत सिंह राज के पुत्र मनोहर लाल राज को वर्ष 2002 से लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी।

हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद आखिरकार 12 मई 2026 को नगर निगम ने जोन-1 में 4000 वर्गफीट (बी-86) और 3500 वर्गफीट (बी-87) के दो भूखंड उनके नाम आवंटित किए। लेकिन महज पांच महीने बाद 8 अक्टूबर 2026 को तत्कालीन अपर आयुक्त खजांची कुमार के कार्यकाल में निगम ने एक ऐसा पत्र जारी कर दिया, जिसने बिना निर्माण किए ही इन प्लाटों को बेचने का रास्ता साफ कर दिया। इसी की आड़ में अतुल अग्रवाल और शंकर लाल गुप्ता के नाम जमीन की रजिस्ट्री हो गई।

कलेक्टर की अनुमति और वारिसों के हक पर उठे सवाल

छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने पूरे घटनाक्रम को भू-माफिया और अधिकारियों की मिलीभगत करार दिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अकबर सिंह परते ने सवाल उठाया है कि आदिवासी भूमि के हस्तांतरण से पूर्व जिला कलेक्टर की अनिवार्य अनुमति क्यों नहीं ली गई। साथ ही, मूल खातेदार दौलत सिंह राज के अन्य कानूनी वारिसों की सहमति को दरकिनार करने और शासन को हुए पंजीयन शुल्क के नुकसान की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की गई है।

मंत्री के ओएसडी ने मांगा जवाब आदिवासी समाज की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभागीय मंत्री रामविचार नेताम के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी डा. धनंजय कुमार नेताम ने 18 नवंबर को जिला प्रशासन को पत्र लिखकर विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button