छत्तीसगढ़

जांजगीर में भीषण हादसा, तीन लोगों की गई जान

Tragic accident in Janjgir; three people lose their lives

जांजगीर : धार्मिक आयोजन में भजन-कीर्तन की प्रस्तुति देने घर से निकले ग्राम दर्री के तीन ग्रामीणों की डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर रविवार सुबह तेज रफ्तार यात्री बस और बाइक के बीच आमने-सामने भिड़ंत होने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही गांव के निवासी थे और सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे थे। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। एक साथ तीन मौतों से गांव में शोक की लहर है।

छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास हुई आमने-सामने की भिड़ंत

जानकारी के अनुसार, ग्राम दर्री निवासी हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) रविवार सुबह एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह में शामिल होने निकले थे। तीनों को कार्यक्रम में भजन गायन की प्रस्तुति देनी थी।

बताया जा रहा है कि डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास रायपुर से डभरा की ओर जा रही मुस्कान यात्री बस ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों ग्रामीण उछलकर सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button