छत्तीसगढ़

चित्र देखें-कविता लिखें’ प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

Prize distribution ceremony for the ‘Look at the Picture – Write a Poem’ competition concludes

भिलाई इस्पात संयंत्र के राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग’ स्तरीय ‘चित्र देखें-कविता लिखें’ प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन विकास केंद्र स्थित सभागार में मेकॉन लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक श्री राजेश कुमार पिल्लै के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुरस्कार विजेताओं सहित बड़ी संख्या में हिंदी प्रेमी कार्मिक उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक प्रबंधक (ज्ञानार्जन एवं विकास) श्री बी.आर. मसराम द्वारा मुख्य अतिथि श्री राजेश कुमार पिल्लै का पुस्तक भेंटकर स्वागत करने के साथ हुआ। तत्पश्चात उप प्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन-राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने प्रतियोगिता की संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत की।

प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र की महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) सुश्री अमृता गंगराडे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर बीएसएनएल, दुर्ग के प्रबंधक (भारतनेट) श्री राजदत्त गजभिये रहे, जबकि तृतीय स्थान भिलाई इस्पात संयंत्र के जे.ई.ए. (बी.आर.एम.) श्री अपु बेहेरा ने प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार विजेताओं में भिलाई इस्पात संयंत्र की अनुभाग सहयोगी (सामान्य स्थापना) सुश्री कंचन तिवारी, व्याख्याता (शिक्षा विभाग-नगर सेवाएँ) श्री केदार नाथ सोनबेर, इंजीनियरिंग एसोसिएट (बी.आर.एम.) श्री मनोज कुमार, इंजीनियरिंग एसोसिएट (कोक ओवन) श्री विजेन्द्र कुमार वर्मा, केंद्रीय विद्यालय, दुर्ग के स्नातक शिक्षक डॉ. अजय आर्य एवं भिलाई इस्पात संयंत्र के सहायक प्रबंधक (प्लांट गैरेज) श्री अनिल कुमार अग्रवाल शामिल रहे।

मुख्य अतिथि श्री राजेश कुमार पिल्लै ने अपने संबोधन में कहा कि ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग’ का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। सदस्य संस्थानों तथा नराकास, भिलाई-दुर्ग के संयोजक संस्थान भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा समय-समय पर आयोजित विभिन्न सार्थक एवं बहुउद्देशीय प्रतियोगिताओं तथा राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन का ही परिणाम है कि नराकास को राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय स्तर पर निरंतर पुरस्कार प्राप्त होते रहे हैं। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी तथा अन्य प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आशा व्यक्त की कि वे आगामी आयोजनों में बेहतर प्रदर्शन कर उच्च स्थान प्राप्त करेंगे।

 

स्वागत उद्बोधन में श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने कहा कि नराकास स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से न केवल हिंदी भाषा का प्रचार-प्रसार होता है, बल्कि हिंदी के प्रति अनुराग भी जागृत होता है। इसके साथ ही नराकास के सदस्य संस्थानों के कार्मिकों के बीच समन्वय एवं सहकार की भावना का भी विकास होता है। उन्होंने सभी सदस्य संस्थानों से वर्ष में कम से कम एक नराकास स्तरीय आयोजन करने का आग्रह किया।

 

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में भारतीय जीवन बीमा निगम, भिलाई के मुख्य प्रबंधक श्री एस.आर. विश्वनाथन, भिलाई इस्पात संयंत्र की महाप्रबंधक (सी.एंड आई.टी.) सुश्री शिवानी जत्रेले एवं यूको बैंक, सेक्टर-1, भिलाई के मुख्य प्रबंधक श्री सुभाष कुमार शामिल थे।

 

कार्यक्रम को प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल के सदस्य श्री एस.आर. विश्वनाथन एवं सुश्री शिवानी जत्रेले ने भी संबोधित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की कविताओं की सराहना करते हुए लेखन में बेहतर प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। साथ ही हिंदी साहित्य सृजन के महत्व एवं उससे होने वाले लाभों पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उप प्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन-राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button