छत्तीसगढ़

लारेंस गैंग के नाम पर बड़ी फिरौती की मांग

Demand for a large ransom in the name of the Lawrence gang

दुर्ग। बहुचर्चित छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी) रीएजेंट एवं मेडिकल उपकरण खरीदी घोटाले के आरोपी कारोबारी शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद को कुख्यात गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या करने की चेतावनी दी।

इस घटना के बाद से कारोबारी के परिवार में दहशत का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और पिछले तीन दिनों से कारोबारी के घर के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

जानकारी के अनुसार, मोक्षित कॉर्पोरेशन से जुड़े कारोबारी शशांक चोपड़ा के परिजनों के पास धमकी भरा फोन आया था, जिसमें सीधे 15 करोड़ रुपये की मांग रखी गई। अब दुर्ग पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि धमकी देने वाला वास्तव में लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है या किसी ने डराने के लिए गैंग का नाम इस्तेमाल किया है। पुलिस फिलहाल किसी संगठित गैंग की संलिप्तता की पुष्टि नहीं कर रही है। साइबर और पुलिस team मोबाइल नंबर की लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि कॉल स्थानीय स्तर से किया गया था या किसी दूसरे राज्य से।

ईडी ने कुर्क की संपत्ति

उल्लेखनीय है कि शशांक चोपड़ा का नाम सीजीएमएससी से जुड़े करीब 660 करोड़ रुपये के रीएजेंट और मेडिकल उपकरण खरीदी घोटाले में सामने आया था। आरोप है कि मोक्षित कॉर्पोरेशन के माध्यम से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को तय कीमतों से अधिक दर पर सामग्री की आपूर्ति कर शासन को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।

इस मामले में एसीबी और ईओडब्ल्यू ने जनवरी 2025 में प्राथमिकी दर्ज कर 28 जनवरी 2025 को शशांक चोपड़ा को गिरफ्तार किया था। बाद में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू करते हुए 14 जनवरी 2026 को उन्हें पीएमएलए के तहत गिरफ्तार किया। जांच के दौरान ईडी ने सितंबर 2025 में मोक्षित कॉर्पोरेशन से जुड़ी पोर्श और मर्सिडीज जैसी महंगी गाड़ियां जब्त की थीं, जबकि मार्च 2026 में करीब 80.36 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां कुर्क की गईं। इस मामले में जब्त और फ्रीज की गई संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 123 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था।

लारेंस गैंग की पुष्टि नहीं

एक तरफ करोड़ों रुपये के मेडिकल खरीदी घोटाले में जांच एजेंसियां वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ फिरौती की धमकी ने पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। इस संबंध में दुर्ग सिटी एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि धमकी भरा कॉल आया है और उसकी जांच की जा रही है, लेकिन अभी लारेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेना सही नहीं होगा क्योंकि यह स्पष्ट नहीं है। कॉल करने वाले की पहचान होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button