छत्तीसगढ़

आसमान में गूंजे सोनू निगम के सुपरहिट गाने

Sonu Nigam’s superhit songs echoed in the sky

रायपुर। मशहूर गायक सोनू निगम के साथ सफर कर रहे यात्रियों को 20 नवंबर को विमान में ही लाइव म्यूजिक सुनने का मौका मिल गया। रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में यात्रियों की फरमाइश पर सोनू निगम ने गाने गाए।

फ्लाइट में यात्रियों ने सोनू निगम से गाने सुनाने की गुजारिश की। इसके बाद उन्होंने ‘हर घड़ी बदल रही है जिंदगी’ और ‘बिजुरिया’ जैसे लोकप्रिय गाने सुनाए। सोनू निगम को अपने बीच इस तरह गाते देख यात्री उत्साहित हो गए। पूरे विमान में तालियां गूंजने लगीं। कई यात्रियों ने उनके साथ सेल्फी भी ली।

लोग बोले- फ्लाइट में ही कॉन्सर्ट हो गया

इस खास पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सोनू निगम को गाते और यात्री उनका आनंद लेते नजर आ रहे हैं। कमलेश जैन नाम के सोशल मीडिया यूजर ने इस वीडियो को शेयर किया है, जिसमे लोग कमेंट कर रहे हैं कि फ्लाइट में ही कॉन्सर्ट हो गया। वहीं कई लोगों ने खुद को खुशकिस्मत बताया कि उन्हें सोनू निगम के साथ सफर करने और उन्हें लाइव सुनने का मौका मिला।

ओरियाना फेस्ट में प्रस्तुति देने आए थे रायपुर

सोनू निगम 19 नवंबर को रायपुर एम्स के ओरियाना फेस्ट में शामिल होने पहुंचे थे। एम्स में आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन में उन्होंने अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के बाद वे 20 नवंबर को मुंबई लौट रहे थे। इसी दौरान इंडिगो की फ्लाइट में यात्रियों को उनके साथ सफर करने का मौका मिला और यह यादगार पल सामने आया।

तीन दशक से संगीत की दुनिया में सक्रिय हैं सोनू निगम

सोनू निगम हिंदी फिल्म संगीत के लोकप्रिय गायकों में शामिल हैं। उन्होंने अपने करियर में रोमांटिक, देशभक्ति और भक्ति गीतों सहित कई तरह के गाने गाए हैं। ‘कल हो ना हो’, ‘संदेसे आते हैं’, ‘ये दिल दीवाना’, ‘सूरज हुआ मद्धम’ और ‘अभी मुझ में कहीं’ उनके चर्चित गानों में शामिल हैं। उन्हें वर्ष 2022 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button