छत्तीसगढ़

तूफान अकवान से छत्तीसगढ़ में मौसम बिगड़ने के आसार

Weather in Chhattisgarh likely to deteriorate due to Cyclone 'Akwan'

रायपुर । छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन मौसम ड्राई रहने के बाद 20 और 21 नवंबर को बारिश का दौर शुरू हो सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने फिलहाल अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश में कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।

इसके 20 नवंबर की दोपहर नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किमी प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 145 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

8 जिलों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री से नीचे

प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन रात के तापमान में ठंड का असर दिखाई दे रहा है। मंगलवार को 8 जिलों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया।

बलरामपुर-रामानुजगंज में सबसे कम 12.9 डिग्री तापमान रहा। सरगुजा में 13.1, गरियाबंद में 14.2 और बालोद में 14.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

इसके अलावा धमतरी में 15.3, बेमेतरा में 15.5, दुर्ग में 15.6 और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री रहा। वहीं रायपुर में न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है।

दुर्ग सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा

मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है।

आज रायपुर में साफ रहेगा मौसम

राजधानी में बुधवार को आसमान साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button